विकास नंद/ सर्वव्यापी/

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शंकराचार्य भवन में “हम हैं शक्ति, हम हैं नारी” थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। पंचायतों से लेकर विभिन्न संस्थाओं तक महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जनप्रतिनिधियों ने भी महिलाओं के सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, पंचायत, वन और अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बस्तर में आयोजित मुख्यमंत्री महतारी वंदन वृहद सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा।