विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए कई होटलों और ढाबों में जांच की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर कुल 29 सिलेंडर जब्त किए गए।खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की टीम ने 11 मार्च को महासमुंद नगर के विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापामार जांच की। जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, अभिमान दुबे और दिव्यांश देवांगन शामिल थे।जांच के दौरान सोनी मिष्ठान भंडार से 10, नेमी भोजनालय से 5, सीमांचल होटल से 5, आरोग्य आयुर्वेद पंचकर्म सेंटर से 2, प्रगति इंडस्ट्रीज से 2, पिज्जा जोन से 1, अमन ढाबा से 1, टेस्ट ऑफ पंजाब रेस्टोरेंट से 1 तथा दादू फास्ट फूड रेस्टोरेंट से 1 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया। सभी सिलेंडरों को जब्त कर कलेक्टर न्यायालय महासमुंद में प्रकरण प्रस्तुत किया गया है।खाद्य विभाग ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। विभाग ने होटल और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे ईंधन के रूप में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।