विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10.600 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 5 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक मोटरसाइकिल में अवैध गांजा लेकर तस्कर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 49 एजी 7784 को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार सागर शुद्धोधन निकालजे (35) निवासी मानोवाडा रिंग रोड बुद्ध विहार, थाना हुडकेश्वर जिला नागपुर (महाराष्ट्र) और अतुल विनोद नंदेश्वर (33) निवासी नरसाला रोड श्री यशनगर नरसाला, थाना हुडकेश्वर जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के पास से एक काले बैग में 10.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के फुलवानी से नागपुर ले जाकर बेचने वाले थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.600 किलोग्राम गांजा (कीमत 5.30 लाख रुपये), परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 25 हजार रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 5 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में गांजा तस्करी के 50 मामलों में 3061.790 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ 25 लाख 70 हजार रुपये है। इन मामलों में अब तक 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।