ऊपर तक ‘सेटिंग’ का दावा या सिस्टम की सच्चाई?कोटा में आबकारी विभाग पर अवैध वसूली और शराब संरक्षण के गंभीर आरोप।

Share Now

रामनारायण नंदू यादव, ब्यूरो चीफ, सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सर्किल इंस्पेक्टर बी.एस. राठिया पर अवैध वसूली और अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक ने लिखित रूप से नामजद शिकायत कर मामला सीधे आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के संज्ञान में लाया है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोटा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है और इसके बदले लगातार वसूली की जा रही है। कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर अवैध कारोबार बेखौफ जारी है।मामले को और अधिक गंभीर तब बना दिया जब सर्किल इंस्पेक्टर बी.एस. राठिया द्वारा कथित रूप से यह कहा गया कि “मुख्यमंत्री और मंत्री मेरे गांव के हैं।” इस कथित बयान ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से अत्यंत संवेदनशील बना दिया है।मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध वसूली संभव नहीं है। ग्रामीणों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं और विरोध करने पर कार्रवाई की धमकी दी जाती है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।लगातार हो रही अवैध वसूली और शराब बिक्री से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।मामले को लेकर आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव से निष्पक्ष जांच कर सर्किल इंस्पेक्टर बी.एस. राठिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही कोटा क्षेत्र में अवैध वसूली और अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की अपील भी की गई है।अब देखना होगा कि उच्च स्तर तक पहुंची इस नामजद शिकायत पर क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं, या फिर कोटा क्षेत्र में अवैध वसूली का यह खेल यूं ही जारी रहेगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!