विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में आज अवैध गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया गया।शासन के निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप, जिले के विभिन्न थानों में जब्त किए गए कुल 09 क्विंटल 99 किलो 200 ग्राम गांजा को नष्ट किया गया। इस मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 05 करोड़ 04 लाख 23 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
यह नष्टीकरण की कार्रवाई बालाजी प्लांट, बेलसोण्डा (महासमुंद) में की गई, जहां ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में पहले भौतिक सत्यापन किया गया, उसके बाद नियमानुसार नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में कुल 18 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त गांजा शामिल रहा। इनमें थाना कोमाखान और बसना के 7-7 प्रकरण, थाना सिंघोड़ा के 2 प्रकरण तथा थाना सांकरा और पिथौरा के 1-1 प्रकरण शामिल हैं।
इनमें से 2 प्रकरण वर्ष 2025 के (थाना सिंघोड़ा) तथा शेष 16 प्रकरण वर्ष 2026 के हैं, जो कोमाखान, बसना, सांकरा और पिथौरा थानों से संबंधित हैं।
इस कार्रवाई के माध्यम से महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।