विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत रबी वर्ष 2025-26 में दलहन एवं तिलहन खरीदी का शुभारंभ जिले में किया गया। सरायपाली कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति ने किसानों का उत्साह बढ़ाया।सरायपाली मंडी में ग्राम कुटेला के किसान पंकज राज पटेल ने 1.5 क्विंटल तथा ग्राम केना के किसान सागरचंद पटेल ने 1 क्विंटल सरसों का विक्रय किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और कृषि विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे किसानों को योजना की जानकारी और विश्वास दोनों मिला।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रकाश पटेल और कृषि सभापति बालमोती पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया।अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्र पर सरसों की गुणवत्ता जांच, तौल प्रक्रिया एवं संपूर्ण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। किसानों को समर्थन मूल्य पर चना 5875 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपए प्रति क्विंटल एवं सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उपज बेचने की जानकारी दी गई।ई-समृद्धि पोर्टल पर दलहन एवं तिलहन फसलों का पंजीयन 20 अप्रैल 2026 तक बढ़ाया गया है। जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है, ताकि वे शासन की इस लाभकारी योजना का अधिकतम लाभ उठा सकें।