विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की प्रदेश समन्वयक तिरीथ कुमारी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण कानून 2023) के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने में किसी भी प्रकार की देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
तिरीथ कुमारी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून को 2029 तक टालना महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि 33 प्रतिशत आरक्षण देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को वास्तविक भागीदारी मिल सके।उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन और जनगणना से जोड़कर जानबूझकर लटकाया जा रहा है। यह महिलाओं के हक का “हिस्सा चोरी” करने जैसा है और उनके साथ विश्वासघात है।इसके साथ ही तिरीथ कुमारी ने महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं के लिए अलग कोटा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि बिना OBC आरक्षण के यह कानून अधूरा है और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द महिला आरक्षण कानून लागू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।