विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 26 अप्रैल 2026 को जिले में किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में प्रातः 10:00 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी। जिले के 19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 परीक्षार्थी शामिल होंगे।परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।व्यापम ने जारी किए जरूरी दिशा-निर्देशभीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा सुबह 10:00 बजे से रखी गई है। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके।अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना आवश्यक होगा।परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। पैरों में चप्पल पहनना अनिवार्य होगा तथा किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना मना रहेगा।परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बॉल पेन का उपयोग किया जा सकेगा। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले और समाप्ति के अंतिम आधे घंटे के दौरान कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए पहले पहुंचना होगा।जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।