विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने खरीफ सीजन 2026 के लिए अनाज, दलहन एवं तिलहन फसलों के प्रमाणित व आधार बीजों की विक्रय दरें निर्धारित कर दी हैं। राज्य स्तरीय समिति की बैठक में अनुमोदित इन दरों में धान, दालें, तिलहन सहित विभिन्न फसलों के लिए अलग-अलग कीमतें तय की गई हैं।
धान मोटा का दर 3,478 रुपये और धान पतला 3,919 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है, जबकि सुगंधित धान किसानों के लिए 4,803 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ है। तिल के बीज सबसे महंगे श्रेणी में 20,539 रुपये प्रति क्विंटल तक तय किए गए हैं।
उड़द, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली, अरहर, कोदो-कुटकी, रागी समेत अन्य फसलों के लिए भी अलग-अलग दरें लागू की गई हैं। सहकारी समितियों को भुगतान में 4% कमीशन कटेगा, वहीं आधार बीज प्रमाणित बीज से 100 रुपये प्रति क्विंटल महंगे होंगे।
सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान समायोजन के बाद अंतिम दरें लागू होंगी, जिससे किसानों को बीज वितरण निर्धारित दरों पर किया जाएगा।