कलेक्टर लंगेह ने समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा निर्देश…26 अप्रैल को उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, 19 केंद्रों पर 4917 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होनी चाहिए।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), रायपुर द्वारा आयोजित इस परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में कुल 4917 अभ्यर्थी शामिल होंगे।कलेक्टर लंगेह ने पर्यवेक्षकों एवं केंद्राध्यक्षों की बैठक लेकर सुरक्षा, अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सघन जांच की जाए और किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश न दिया जाए। साथ ही समय-पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचकर फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।नकल पर रोक लगाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों में वीडियोग्राफी, फ्रिस्किंग और पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा संचार उपकरणों को निष्क्रिय करने के लिए प्रत्येक कक्ष में जैमर लगाए जाएंगे।व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के लिए जिले में तीन सदस्यीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। साथ ही 19 केंद्रों के लिए कुल 410 वीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी केंद्रों पर पेयजल और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर अभ्यर्थी को निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!