विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की साय सरकार के बावजूद शासकीय वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजना के हितग्राहियों को पिछले लगभग 6 माह से केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली मासिक पेंशन राशि महासमुंद जिले में आबंटित नहीं हो सकी है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत मिलने वाली पेंशन राशि लंबे समय से लंबित है, जबकि राज्य सरकार की ओर से संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, सुखद सहारा पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना की राशि अप्रैल 2026 तक आबंटित की जा चुकी है।हितग्राहियों का कहना है कि वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांगजन जैसी संवेदनशील श्रेणी के लोगों के लिए पेंशन ही जीवनयापन का प्रमुख सहारा होती है। ऐसे में लगातार 6 माह तक राशि नहीं मिलने से दवा, भोजन और दैनिक जरूरतों के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।पूरा मामला केंद्र और राज्य सरकार के बीच तालमेल की कमी तथा प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं में इस प्रकार की लापरवाही से गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण क्षेत्रों में कई हितग्राही लगातार पंचायत और संबंधित कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है। लोगों ने लंबित पेंशन राशि शीघ्र जारी करने की मांग की है, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।