विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिला सहकारिता एवं उद्योग विकास समिति की बैठक आज जिला पंचायत सभाकक्ष में समिति की सभापति रामदुलारी सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में सहकारिता, धान उपार्जन, खाद-बीज भण्डारण एवं खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक उद्योग विकास निगम महासमुंद, सहायक खनिज अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी, सहकारिता विस्तार अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के प्रतिनिधि, महासमुंद जिले के शाखा प्रबंधक एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के प्रबंधक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान उपार्जित धान के निराकरण एवं अंतिम लेखा मिलान कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। सभापति रामदुलारी सिन्हा ने अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को धान खरीदी से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखा मिलान कार्य में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए खरीफ सीजन की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों से किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने को कहा।बैठक में आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद एवं बीज के भण्डारण और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग ने फसल अनुरूप खाद के प्रकार एवं निर्धारित मात्रा की जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि किसानों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही खाद एवं बीज का वितरण किया जाए।अधिकारियों ने कहा कि किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो। बैठक में सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली, कृषि आदान उपलब्धता तथा किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।