सबसे दूर, सबसे पहले” : जनजातीय अंचलों तक पहुंचेगी सरकार, 18 से 25 मई तक चलेगा जन भागीदारी अभियान… कलेक्टर लंगेह।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 से 25 मई 2026 तक “जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पीएम जनमन एवं धरती आबा अंतर्गत चयनित ग्रामों में जनसुनवाई, स्वास्थ्य शिविर, ग्राम भ्रमण और संतृप्तिकरण कार्यक्रम आयोजित होंगे।अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास शिल्पा साय सहित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पोषण, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अधिकारी और मैदानी अमला गांवों में पहुंचकर जनसुनवाई आयोजित करेंगे तथा प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिले के आदि सेवा केंद्रों में भी आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, जहां आदि सेवा साथी मौजूद रहेंगे। सभी विभागों को शिविरों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।अभियान के तहत प्रतिदिन आयोजित गतिविधियों की फोटो, वीडियो तथा लाभार्थियों के अनुभव प्रसारण पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किए जाएंगे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनभागीदारी के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनएसएस, एनसीसी, महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है। अभियान का समन्वय सुशासन तिहार से भी किया जाएगा।सहायक आयुक्त शिल्पा साय ने बताया कि 19 से 25 मई तक गांवों में संतृप्तिकरण शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा पौधरोपण अभियान चलाए जाएंगे। 20 मई को प्रधानमंत्री जनमन एवं डीए-जेजीयूए के चयनित गांवों में ग्राम भ्रमण अभियान आयोजित होगा, जिसमें अधिकारी, आदि कर्मयोगी और स्वयंसेवी संस्थाएं गांवों का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन करेंगी और जनजागरूकता फैलाएंगी।इसी प्रकार 21 से 23 मई तक गांवों में प्रतिदिन जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर लंबित प्रकरणों एवं पात्रता संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। 24 मई को अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा तथा 25 मई को समीक्षा एवं डिब्रीफिंग बैठक के साथ अभियान का समापन होगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!