विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर अब केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं रह गया है, बल्कि ग्रामीणों को उनके अधिकार दिलाने और शासकीय सुविधाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड सरायपाली के ग्राम गढ़फुलझर में आयोजित समाधान शिविर में 10 पात्र हितग्राहियों को भू-स्वामित्व आबादी पट्टा वितरित किया गया। वर्षों से अपने आवासीय भूमि के वैधानिक अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को पट्टा मिलने पर खुशी का माहौल देखने को मिला।पट्टा प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने बताया कि अब उन्हें अपनी जमीन पर कानूनी स्वामित्व का अधिकार मिल गया है, जिससे भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी। शिविर में सरायपाली से सत्यानंद, रूकमणी और टिकर, मेदनीपुर से बालुमकेश्वर एवं सर्वदमन, छोटेपटनी से जगत और खेमलाल तथा केंवटापाली से जानकी प्रसाद, रामकुमार एवं महेंद्र को भू-स्वामित्व आबादी पट्टा प्रदान किया गया।ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है तथा जरूरतमंदों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है।