जनदर्शन में दिखी प्रशासन की संवेदनशीलता: आंगनबाड़ी मरम्मत पर पार्षद ने जताया आभार, कलेक्टर ने दिए 76 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेंशन, भू-अभिलेख सुधार, अतिक्रमण, लंबित भुगतान एवं निर्माण कार्यों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।जनदर्शन के दौरान महासमुंद के महामाया वार्ड की पार्षद श्रीमती ईश्वरी संजय भोई प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कलेक्टर का आभार जताने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पिछले जनदर्शन में वार्ड स्थित आंगनबाड़ी भवन के जीर्णोद्धार की मांग की गई थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भवन की मरम्मत पूर्ण करा दी गई। इससे बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधा मिलने लगी है।इसी तरह डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड के पार्षद धनेंद्र चंद्राकर ने शीतला तालाब में सार्वजनिक पचरी निर्माण की मांग रखी। तमोरा निवासी दिव्यांग द्वारिका प्रसाद तांडे ने पेंशन संबंधी आवेदन दिया, जबकि बसना विकासखंड के ग्राम अंकोरी निवासी ज्ञान सिंह रायधर ने भू-अभिलेख सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।साहू तेली संघ ने कन्या छात्रावास, वृद्धाश्रम एवं बालक छात्रावास निर्माण हेतु भूमि आबंटन की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने सभी मामलों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!