विकास नंद/सर्वव्यापी
जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की उपस्थिति में जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत “सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर आज विकासखंड बागबाहरा के ग्राम जोरातराई एवं ग्राम रैताल में ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में जनसुनवाई, योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा आमजन की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।
कलेक्टर लंगेह ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान ट्रांसेक्ट वॉक कर गांवों की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का जायजा भी लिया गया।कार्यक्रम स्थल पर आधार अपडेशन शिविर एवं विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। आदिम जाति विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं में रुचि दिखाते हुए विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शासन की प्राथमिकता दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।