विकास नंद/ सर्वव्यापी
महासमुंद जिले में बालिकाओं को कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में विकासखंड सरायपाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघोड़ा में एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया।शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक एवं खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे की उपस्थिति में 14 वर्ष आयु वर्ग की 22 बालिकाओं को कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी का टीका लगाया गया। भीषण गर्मी के बावजूद बालिकाओं ने उत्साह और मुस्कान के साथ शिविर में पहुंचकर टीकाकरण कराया।शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रगति शर्मा, डी. मालाकार, भरत नायक, पुरुषोत्तम पटेल, निर्मला नागेश, डोलचंद नायक, जितेंद्र बरिहा, नरसिंह सिन्हा एवं स्थानीय मितानिनों का विशेष योगदान रहा।इस दौरान ग्राम रूढ़ा निवासी प्रीति पटेल ने अपनी सहपाठियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। उनके जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही सभी टीकाकृत बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।स्वास्थ्य विभाग सरायपाली ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भ्रामक वीडियो एवं अफवाहों से प्रभावित न हों। एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है और यह बालिकाओं को भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक है। विभाग ने पात्र 14 वर्षीय बालिकाओं से टीकाकरण का लाभ लेने की अपील की है।