विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने महासमुंद जिले के विकासखंड बसना अंतर्गत बैगनडीह एनीकट निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण से क्षेत्र में निस्तारी, पेयजल उपलब्धता और भू-जल संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।एनीकट निर्माण के बाद किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। किसान स्वयं के साधनों से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे खेती को मजबूती मिलेगी और कृषि उत्पादन बढ़ने की संभावना है।जल संसाधन विभाग ने योजना के निर्माण कार्य के लिए मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। क्षेत्रवासियों ने इस परियोजना को जल संकट और सिंचाई समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।