विकास नंद/ सर्वव्यापी
महासमुंद जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान अब तेजी पकड़ने लगा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में जिलेभर में पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।इसी क्रम में पीएचसी तोषगांव में आयोजित विशेष टीकाकरण सत्र में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी 25 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इस अभियान के तहत उन बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है जिनकी जन्मतिथि 02 फरवरी 2011 से 21 मई 2012 के बीच है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता भी देखने को मिली। ग्राम गोहरापाली के वरिष्ठ नागरिक हीरालाल प्रधान ने अपनी पुत्री अंशिका प्रधान को वैक्सीन लगवाकर लोगों को प्रेरित किया। वहीं ग्राम तोरेसिंहा की सरपंच सुनीता कुम्हार ने भी अपनी बेटी का टीकाकरण कराकर ग्रामीणों को जागरूकता का संदेश दिया। उनके प्रेरणादायी प्रयासों से अन्य बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक टीका लगवाया।इस अवसर पर लोगों से अपील करते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और समय पर बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।शिविर में डॉ. कुणाल नायक (बीएमओ), टी.आर. धृतलहरे (BETO), सुरेश पटेल (सुपरवाइजर), प्रगति शर्मा, प्रह्लाद कन्धेर (नर्सिंग ऑफिसर), गीतांजलि सिदार, विमल सिदार, देवकी साहू (ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक), स्वयंम प्रभा भोई (ऑपरेटर), चिंता सिदार (लैब तकनीशियन), घुराऊ चौहान (फार्मासिस्ट), खूबलाल यादव, आसमति, रूपानंद तथा स्थानीय मितानिनों सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला उपस्थित रहा। सभी के सहयोग से शिविर का सफल संचालन किया गया।स्वास्थ्य विभाग सरायपाली ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।