विकास नंद/सर्वव्यापी
जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने मंगलवार को महासमुंद बस स्टैंड में आरटीओ टीम एवं यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बसों की फिटनेस, चालक-परिचालकों की वर्दी तथा वाहनों की सड़क पर सुरक्षित संचालन की स्थिति की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बसों के दस्तावेज, तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से निर्धारित वर्दी पहनने, बसों को तकनीकी रूप से फिट रखने तथा नियमित प्रारंभिक मेडिकल जांच कराने के निर्देश दिए।कार्रवाई के दौरान मौजूद वाहन स्वामियों और चालकों ने विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सहमति जताई। प्रतीक शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन में खामी मिलने या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित वाहन, वाहन स्वामी एवं चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।