बरगद की छांव में सजी चौपाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद..सुशासन तिहार के तहत महासमुंद के कमरौद पहुंचे मुख्यमंत्री, योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आज महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कमरौद पहुंचे। हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, अलका चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने ग्राम कमरौद स्थित माँ दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे यह जानने आए हैं कि लोगों को राशन, बिजली, महतारी वंदन योजना और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं।उन्होंने ग्रामीणों से पूछा, “महतारी वंदन का पैसा सबको मिल रहा है न?” जिस पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहमति जताई। एक महिला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महतारी वंदन की राशि से वे अपनी बेटी के नाम बचत कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और लाखों परिवारों को पक्के घर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है। बिजली बिल समाधान योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से बिजली विभाग में पंजीयन कराने की अपील की।ग्रामीणों से आत्मीयता से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने 5वीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू से मुस्कुराते हुए पूछा, “सेल्फी लेंगे क्या?” जिसके बाद छात्र ने मुख्यमंत्री के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। यह दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही ऑनलाइन जनसमस्या समाधान व्यवस्था शुरू करने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकेंगे। इसके लिए शीघ्र ही टोल फ्री नंबर भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और प्रदेश में ऐसे 6000 केंद्र खोले जा चुके हैं।किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद संकट वैश्विक परिस्थितियों और खाड़ी युद्ध के कारण उत्पन्न हुआ है, लेकिन सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने की बात भी कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और सिरपुर बैराज तथा सीकासेर-कोडार परियोजना महासमुंद जिले के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।ग्राम की लता सहिस ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें पक्का मकान, महतारी वंदन योजना और गैस सिलेंडर का लाभ मिला है। वहीं मधु साहू ने मछली पालन के लिए पानी की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सोलर बोर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। परी साहू ने स्वयं को “लखपति दीदी” बताते हुए कहा कि बिहान योजना से उन्हें फेंसी और किराना दुकान संचालित करने में मदद मिली है।पूर्व सरपंच भवन साहू ने ग्राम विकास के लिए मुक्ति धाम, सीसी रोड और तालाब सौंदर्यीकरण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। साथ ही कमरौद से चरोदा मार्ग निर्माण की आवश्यकता भी बताई गई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्राम विकास के कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाएंगे।ग्रामवासी मोहन कुलदीप ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में सोलर पैनल लगवाया था, जिसमें उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। उन्होंने कहा कि पहले हर महीने लगभग 3500 रुपए बिजली बिल आता था, लेकिन अब बिजली बिल शून्य हो गया है। मुख्यमंत्री ने इसे जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक परिणाम बताया।पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच खाट पर बैठकर आत्मीय संवाद करते रहे। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री का यह औचक दौरा ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!