पीएम-जनमन योजना से दूरस्थ जनजातीय गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं…जंगल-पहाड़ के बीच स्वास्थ्य की नई उम्मीद बनी मोबाइल मेडिकल यूनिट।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले के पहाड़ों और घने जंगलों से घिरे दूरस्थ जनजातीय गांवों में रहने वाले लोगों के लिए कभी इलाज कराना किसी चुनौती से कम नहीं था। मामूली बीमारी होने पर भी कई किलोमीटर पैदल चलकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना उनकी मजबूरी थी। कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से हालात गंभीर हो जाते थे। लेकिन अब पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट इन इलाकों के लोगों के जीवन में उम्मीद और राहत लेकर पहुंच रही है। विशेष रूप से पीवीटीजी के लिए शुरू की गई यह पहल अब गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है। जब आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस मोबाइल मेडिकल यूनिट किसी दूरस्थ बस्ती में पहुंचती है, तो ग्रामीणों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई देती है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बिना लंबी दूरी तय किए अपने गांव में ही डॉक्टर से जांच और उपचार प्राप्त कर रहे हैं। राज्य में इस योजना की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 को की गई थी। तब से मार्च 2026 तक 3 हजार 103 लोगों का निःशुल्क उपचार किया जा चुका है। इन यूनिट्स के माध्यम से न केवल मरीजों की जांच की जा रही है, बल्कि उन्हें आवश्यक दवाइयां और लैब जांच की सुविधा भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है। इसमें ईसीजी मशीन, सक्शन मशीन, ऑटोस्कोप, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इन सेवाओं के लिए अब ग्रामीणों को शहरों या स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। दूरस्थ गांवों में रहने वाले कई बुजुर्ग बताते हैं कि पहले बीमारी होने पर इलाज के लिए पूरा दिन लग जाता था, लेकिन अब डॉक्टर खुद गांव तक पहुंच रहे हैं। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को भी समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार मिलने लगा है, जिससे ग्रामीणों में भरोसा और जागरूकता दोनों बढ़ रही है। स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट हर महीने औसतन 24 दिन निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांवों का भ्रमण करती हैं। जिले में इस योजना के तहत 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। प्रत्येक यूनिट में एक चिकित्सक, स्टाफ नर्स और लैब यूजर तैनात किए गए हैं, जो पूरी संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की सेवा कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर 2023 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पीएम-जनमन योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना का उद्देश्य देश के दूरस्थ जनजातीय समुदायों तक शासन की मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट्स इस उद्देश्य को जमीन पर साकार करती नजर आ रही हैं। आज ये यूनिट केवल इलाज का माध्यम नहीं हैं, बल्कि दूरस्थ जनजातीय परिवारों के लिए भरोसे, सुरक्षा और संवेदनशील शासन की पहचान बन चुकी हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!