विकास नंद/सर्वव्यापी

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर में आयोजित समाधान शिविर में बसना-सरायपाली रेल लाइन निर्माण की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठी। शिविर के दौरान रेल लाइन के समर्थन में तीन अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें क्षेत्र के विकास और बेहतर परिवहन सुविधा के लिए रेल परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई।आवेदनों में रेल लाइन निर्माण के प्रति स्थानीय लोगों की सकारात्मक सोच भी सामने आई। मांग करने वाले आवेदकों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि यदि रेल लाइन निर्माण के लिए उनकी भूमि अधिग्रहित की जाती है तो वे मुआवजा लेने के इच्छुक नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री सहायता कोष में 11,000 रुपये की राशि प्रदान करने की भी इच्छा व्यक्त की है।आवेदकों का कहना है कि बसना-सरायपाली क्षेत्र लंबे समय से रेल सुविधा से वंचित है, जिससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। रेल लाइन बनने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।सुशासन तिहार के समाधान शिविर में प्राप्त इन आवेदनों ने क्षेत्र में रेल लाइन की मांग को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन इस जनभावना को गंभीरता से लेते हुए रेल परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करेगा।