विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में आयोजित सुशासन तिहार के अंतिम समाधान शिविर में आज प्रमुख सचिव एवं जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक शामिल हुईं। नगर के टाउन हॉल में आयोजित शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।इस दौरान प्रभारी सचिव ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।कार्यक्रम में निहारिका बारिक ने गर्भवती माताओं एवं बच्चों को सुपोषण टोकरी वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए संचालित गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार तथा स्थानीय पार्षदगण उपस्थित रहे।अंतिम समाधान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदनों की स्थिति जानी। जिले में आयोजित सुशासन तिहार के इस अंतिम शिविर में जनसहभागिता और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। साथ ही बड़ी संख्या में हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।