कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 63 लाख का गांजा, महासमुंद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा70.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, उत्तर प्रदेश के दो तस्कर गिरफ्तार।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 125.700 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में कटहल के नीचे गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के रेहटीखोल अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 को रोककर जांच की गई।वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष) निवासी करछना, जिला प्रयागराज तथा लवकुश गौतम (22 वर्ष) निवासी बारा, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कटहल के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों में 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था और उसे प्रयागराज में खपाने की योजना थी। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जब्त सामग्री में 125.700 किलोग्राम गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये, एक टाटा माजदा पिकअप वाहन कीमत लगभग 8 लाख रुपये तथा एक मोबाइल फोन कीमत 8 हजार रुपये शामिल है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 70 लाख 93 हजार रुपये आंका गया है।आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।महासमुंद पुलिस द्वारा गठित एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स लगातार ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाकर मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर चाहे एम्बुलेंस का सहारा लें या कटहल जैसे फलों की आड़, कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।इस कार्रवाई को महासमुंद पुलिस की सतर्कता, सटीक सूचना तंत्र और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की सक्रियता की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!