सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सीईओ की पैनी नजर, प्लास्टिक वेस्ट यूनिट में महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के निर्देश।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार ने विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत ग्राम बागबाहरा कला का दौरा कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 के तहत निर्माणाधीन सड़क कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान नंदनवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कें विकास की आधारशिला हैं और इनके निर्माण में उच्च मानकों का पालन आवश्यक है।सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने ग्राम बागबाहरा कला में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, छंटाई और प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली तथा यूनिट के संचालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।उन्होंने कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता अभियान को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लास्टिक कचरे के निपटान की व्यवस्था सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल होनी चाहिए।नंदनवार ने विशेष रूप से महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि प्लास्टिक वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट से जुड़ी गतिविधियों में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए एक सशक्त आजीविका मॉडल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!