बिटकुली में इंजेक्शन वेल और परकोलेशन टैंक निर्माण पूरा, भूजल संवर्धन को मिलेगी नई मजबूती।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिले में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जनपद पंचायत बिल्हा की ग्राम पंचायत बिटकुली उत्तर स्थित रामसागर तालाब में इंजेक्शन वेल एवं परकोलेशन टैंक का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस संरचना के माध्यम से वर्षा जल का प्रभावी संचयन कर उसे भूगर्भ में पहुंचाया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि होगी और आने वाले समय में सिंचाई एवं पेयजल की उपलब्धता बेहतर हो सकेगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं पहल पर जिले में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से इंजेक्शन वेल और परकोलेशन टैंक निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। रामसागर तालाब में तैयार की गई यह संरचना वर्षा जल को सीधे भूगर्भ में पहुंचाने का कार्य करेगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों के कुएं, हैंडपंप और बोरवेल भी लंबे समय तक जलयुक्त बने रहने की संभावना बढ़ेगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा तथा जल संकट से राहत मिलेगी।

जिले में वर्तमान में कुल 291 इंजेक्शन वेल बनाए जा रहे हैं। इनमें से 91 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 200 इंजेक्शन वेल निर्माणाधीन हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले में भूजल पुनर्भरण की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में बिलासपुर एक मजबूत उदाहरण के रूप में उभरेगा।जिला प्रशासन का मानना है कि जल संरक्षण की ऐसी स्थायी संरचनाएं भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ने से कृषि उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा और जल संकट से निपटने की दिशा में जिले को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!