महासमुंद में औद्योगिक इकाइयों पर प्रशासन की कार्रवाई: वामा डेयरी और जेनिथ एग्रीजोन को नोटिस, परिवहन विभाग ने वसूले 8,800 रुपये।

Share Now

विकास नंद,सर्वव्यापी

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने जिले की औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया। निरीक्षण के दौरान तुमगांव स्थित वामा डेयरी और बिरकोनी स्थित जेनिथ एग्रीजोन में श्रम एवं सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। वहीं परिवहन विभाग ने फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना संचालित दो वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 8,800 रुपये का समन शुल्क वसूला।संयुक्त टीम में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, परिवहन, श्रम, पर्यावरण तथा उद्योग विभाग के अधिकारी शामिल थे। सबसे पहले वामा डेयरी का निरीक्षण किया गया, जहां श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं दिए जाने और आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध नहीं कराने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं। श्रम विभाग की जांच में सूचना बोर्ड प्रदर्शित नहीं होना तथा आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराना भी पाया गया। इन मामलों में प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।इसके बाद बिरकोनी स्थित शुभम ऑर्गेनिक का निरीक्षण किया गया, जहां वैध कारखाना लाइसेंस नहीं मिला। निरीक्षण के समय इकाई बंद पाई गई।संयुक्त दल ने जेनिथ एग्रीजोन का भी निरीक्षण किया, जहां श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों का अभाव, पर्याप्त अग्निशमन यंत्र नहीं होना तथा कार्य अवधि संबंधी सूचना प्रदर्शित नहीं किए जाने जैसी कमियां मिलीं। परिवहन विभाग की जांच में एक वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिला तथा चार वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगी पाई गई। इस संबंध में भी नोटिस जारी किया जा रहा है।श्रम विभाग की जांच में सूचना बोर्ड नहीं लगाने, श्रमिकों से ओवरटाइम कराने, आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने तथा शासन द्वारा निर्धारित दर से कम वेतन भुगतान जैसी अनियमितताएं सामने आईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!