नूर मोहम्मद ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
जिले की समृद्ध कृषि परंपरा और ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भरता अभियान का प्रतीक बन चुके विष्णुभोग चावल की खुशबू अब प्रदेश स्तर तक पहुंच रही है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के जिला आगमन पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें जिले की विशिष्ट पहचान बने विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. देवांगन ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाएं विष्णुभोग चावल का उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन कर रही हैं। अपनी प्राकृतिक सुगंध, उत्कृष्ट गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के कारण यह चावल जिले का एक विशिष्ट कृषि उत्पाद बन चुका है। इससे न केवल स्थानीय पहचान मजबूत हुई है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिली है। विष्णुभोग चावल की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त करने के बाद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह उत्पाद जीपीएम की समृद्ध कृषि विरासत और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार और मजबूत ब्रांड पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि किसानों और महिला समूहों की आय में वृद्धि हो तथा जिले की विशिष्ट पहचान प्रदेश ही नहीं, देशभर में स्थापित हो सके।इस दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने हरिभूमि एवं आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी को भी विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया और जिले की इस विशिष्ट कृषि उपज तथा महिलाओं की आजीविका से जुड़े नवाचारों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


