विकास नंद/सर्वव्यापी

विकासखंड सरायपाली अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जम्हारी में शिक्षकों की कमी को लेकर गुरुवार को पालकों एवं विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज पालकों और छात्रों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई।धरना दे रहे पालकों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। कई विषयों की नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं, जिसके कारण छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।इस दौरान पालकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन के बाद पालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 09 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे पालक एवं विद्यार्थी विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों के अभाव के कारण पढ़ाई बाधित हो रही है, इसलिए शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि विकासखंड शिक्षा अधिकारी (सरायपाली) एवं विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य को भी प्रेषित की गई है।पालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, विद्यार्थियों ने भी नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।


