विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10.380 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत 5.19 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन सहित कुल 5.49 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति ग्राम रेहटीखोल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के किनारे दो पीठू बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राकेश उर्फ राजू सिंह (50 वर्ष), निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश), विकास कुमार तिवारी (26 वर्ष), मूल निवासी कोरिया, वर्तमान निवासी अवंती विहार रायपुर, तथा सतेन्द्र कुमार निर्मल (24 वर्ष), निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) बताए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गोलमोल जवाब दिए, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बैग में गांजा होना स्वीकार किया।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाकर फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) में स्वयं बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान दोनों बैगों से कुल 10.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.380 किलोग्राम गांजा (कीमत 5.19 लाख रुपये) एवं तीन मोबाइल फोन (कीमत 30 हजार रुपये) सहित कुल 5.49 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(B) के तहत सिंघोड़ा थाना में अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही तस्करी के सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट तथा वित्तीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


