तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
जिला कोषालय कार्यालय मुंगेली में गुरुवार को एक भावनात्मक एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानांतरित होकर रायगढ़ जिले नई पदस्थापना पर जा रहे सहायक कोषालय अधिकारी सिद्धार्थ वर्मा को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्मीयता के साथ भावभीनी विदाई दी। वहीं नवपदस्थ सहायक कोषालय अधिकारी पुष्पेंद्र चंद्रा का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।कार्यक्रम का वातावरण भावनाओं से सराबोर रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वर्मा के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद करते हुए उनके सरल स्वभाव, कार्यकुशलता, अनुशासन और सभी के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। इस दौरान वक्ताओ ने कहा कि वर्मा ने अपने कार्यकाल में कार्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके स्थानांतरण से कार्यालय परिवार एक कुशल एवं लोकप्रिय अधिकारी को विदा कर रहा है। इस दौरान कोषालय अधिकारी दुर्गेश राजपूत ने कहा कि सिद्धार्थ वर्मा जैसे कर्मठ, ईमानदार और कुशल अधिकारी बहुत कम मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वर्मा ने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और हर अधिकारी-कर्मचारी का सम्मान करते हुए कार्यालय के वातावरण को सकारात्मक बनाए रखा। उनके साथ बिताए गए अनेक अनुभव आज भी स्मरणीय हैं। उन्होंने वर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नई पदस्थापना में भी उत्कृष्ट कार्य करेंगे और विभाग का नाम रोशन करेंगे। अपने विदाई उद्बोधन में सिद्धार्थ वर्मा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि मुंगेली में बिताया गया समय उनके जीवन का अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। यहां के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हमेशा परिवार की तरह सहयोग और स्नेह दिया, जिसके कारण कार्य करना आसान और सुखद रहा। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें पूरे कार्यकाल में सहयोग मिला, उसी प्रकार सभी लोग नवपदस्थ सहायक कोषालय अधिकारी पुष्पेंद्र चंद्रा का भी पूर्ण सहयोग करें, ताकि कार्यालय की कार्यप्रणाली निरंतर सुचारु रूप से संचालित होती रहे। नवपदस्थ सहायक कोषालय अधिकारी पुष्पेंद्र चंद्रा ने भी सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से विभाग की कार्यसंस्कृति को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास करेंगे। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वर्मा को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं पुष्पेंद्र चंद्रा का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान अनेक कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए वर्मा के साथ जुड़े संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्रशेखर साहू ने किया। समारोह में विकास राजपूत सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और दोनों अधिकारियों के सम्मान में अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, सहयोग और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सिद्धार्थ वर्मा के सफल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा नवागत अधिकारी पुष्पेंद्र चंद्रा के साथ मिलकर विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने दिया।


