विकास नंद/ सर्वव्यापी
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में गुरुवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) अंतर्गत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने के लिए 15 अगस्त तक विशेष पंजीयन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर लंगेह ने कहा कि माय भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना लागू करने पर जोर दिया।जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए 15 अगस्त 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विकसित भारत पदयात्रा, यूथ क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सुशासन दिवस पर कार्यशाला, स्वस्थ युवा-विकसित भारत खेल प्रतियोगिताएं, सक्रिय युवा क्लबों को खेल सामग्री वितरण तथा अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।बैठक में जिला कौशल विकास, जनसंपर्क विभाग, खेल एवं युवा कल्याण, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस सोसायटी तथा जिला सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


