विकास नंद/सर्वव्यापी

शिक्षा विभाग में प्रशासनिक सख्ती के तहत कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक, समग्र शिक्षा रायगढ़ ने विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) प्रदीप कुमार साहू की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें उनके मूल पदस्थापना विद्यालय वापस भेजने का आदेश जारी किया है।जारी आदेश के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, रायपुर के पत्र तथा जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के पूर्व आदेश के अनुपालन में प्रदीप कुमार साहू को विकासखंड स्रोत समन्वयक (व्याख्याता संवर्ग) के पद से प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हालाहुली, विकासखंड खरसिया, जिला रायगढ़ में उनकी मूल पदस्थापना पर वापस भेजा गया है।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। साथ ही साहू को निर्देश दिए गए हैं कि वे बीआरसी से संबंधित समस्त प्रभार तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खरसिया को सौंपें।
इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, समग्र शिक्षा राज्य परियोजना कार्यालय, जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए प्रेषित की गई है।शिक्षा विभाग के इस आदेश को प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमानुसार प्रतिनियुक्तियों की समीक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


