विकास नंद/ सर्वव्यापी
सरायपाली ग्राम पंचायत सानपंधि में सरपंच सुमति नरेंद्र वर्गे के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर सका, जिसके चलते प्रस्ताव खारिज हो गया। इसके साथ ही सुमति नरेंद्र वर्गे अपने पद पर बरकरार रहीं। फैसले के बाद उनके समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।जानकारी के अनुसार, उप सरपंच अनिल साहू सहित आठ पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। नियमानुसार हुई मतदान प्रक्रिया में सरपंच के पक्ष में 2 मत, विपक्ष में 8 मत पड़े, जबकि 2 मत निरस्त हो गए। नियमानुसार आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण अविश्वास प्रस्ताव असफल घोषित कर दिया गया।अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद सरपंच के पति नरेंद्र वर्गे ने कहा कि पंचायत में पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया गया है। उनका आरोप है कि उप सरपंच पंचायत का संचालन अपनी मंशा के अनुरूप करना चाहते थे और इसी कारण मतभेद बढ़ने पर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया।उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सुमति नरेंद्र वर्गे को सरपंच चुना था और इस पूरे घटनाक्रम में भी ग्रामीणों का विश्वास उनके साथ बना रहा। उन्होंने पंचायतवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के कारण ही यह प्रस्ताव सफल नहीं हो सका।अविश्वास प्रस्ताव निरस्त होने के बाद ग्राम पंचायत सानपंधि में सरपंच समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी मनाई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत में विकास कार्य पहले की तरह निरंतर जारी रहेंगे।


