मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खल्लारी में कंवर-पैंकरा समाज के महासभा में हुए शामिल… 55 लाख रुपए की विकास कार्यों की घोषणा।

Share Now

सरायपाली/ विकास नंद/सर्वव्यापी /

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज महासमुंद जिले के खल्लारी ग्राम में आयोजित आदिवासी कंवर-पैंकरा समाज महासभा एवं वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री का समाज के लोगों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों और सम्मानपूर्वक आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर महासभा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खल्लारी माई, भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, राम जानकी भगवान एवं कंवर समाज की जयघोष के साथ अपने उद्बोधन की शुरुआत की। उन्होंने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए माता खल्लारी और राम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, आज मैं उस धरती को नमन करता हूं, जहां तीन शहीदों और वीरांगना का जन्म हुआ। मैं आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं।उन्होंने बताया कि 15 महीने की सरकार में अनेक विकास कार्य किए गए हैं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 14 लाख आवास पूरे हो चुके हैं। प्रधानमंत्री द्वारा एक ही दिन में 3 लाख आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। राज्य सरकार की धान खरीदी को।लेकर उन्होंने बताया कि 21 क्विंटल धान की खरीदी की गई और बोनस के बाद 12 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि दी गई। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है और जिनका नाम छूट गया है, उन्हें भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए योजनाओं, रामलला दर्शन योजना, और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी को हमारी सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि “आवास पल्स” सर्वे एप के माध्यम से शुरू किया गया है, जिससे जिनके पास घर नहीं हैं, वे भी सर्वे करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को विकसित छत्तीसगढ़ बनाना हमारा लक्ष्य है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज से है। मोदी जी जनजातियों के कल्याण को लेकर गंभीर हैं। आदिवासी विकास के लिए अलग मंत्रालय और जनमन योजना लागू की गई है। धरती आबा ग्राम योजना से विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि तीन-तीन प्राधिकरणों का गठन किया गया है, जिससे स्थानीय विकास को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नई औद्योगिक नीति की जानकारी भी दी और बताया कि इसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिलेगा। उन्होंने समाज से अपील की कि शिक्षा को प्राथमिकता दें और नशा मुक्ति की दिशा में कदम उठाएं। मुख्यमंत्री साय ने समाज के युवाओं को कौशल विकास को प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अपने समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शहीद परिवारों का सम्मान कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री ने अपने घोषणा में राम जानकी मंदिर परिसर में शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, कंवर समाज के छात्रावास हेतु 25 लाख रुपये, सर्व-सुविधायुक्त शौचालय निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में सांसद रूप कुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह दीवान, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, येतराम साहू, कंवर पैकरा समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरबंश मिरी, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, जिला पंचायत सदस्य करण सिंह दीवान,देवकी दीवान,मान सिंह दीवान,थान सिंह दीवान,सरपंच पुष्पेंद्र साहू,समाज के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह ,स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!