बिलासपुर/ तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/

बिलासपुर संभाग के पड़ोसी जिला जांजगीर-चांपा के पामगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुलमुला के रहवासियों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरकारी कागजों में भरपूर मिल रहा है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मुलमुला पुलिस थाना के ठीक बाजू में इस ग्राम पंचायत का आवास पारा है, जहां पर पेयजल से लेकर तमाम मुलभूत समास्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां पर न तो पक्की सड़क है और न ही डब्ल्यू बीएम सड़क का निर्माण किया गया है। जिससे यहां के लगभग 35-40 परिवार के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों सड़क पूरी तरह से बंद हो जाने से आवास पारा के रहवासी का आवागमन बंद हो जाता है। वहीं यहां पर पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। नल जल योजना के तहत घरों-घर नल लगा दिए गए हैं परंतु नलों में पानी तक नहीं आ रहा है और कई नलों का पाइप टूट फूट गया है। चिंतनीय विषय यह है कि बिलासपुर -शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर मुलमुला पुलिस थाना के ठीक बाजू में यह मोहल्ला है लेकिन जनपद पंचायत की बात दूर जिले के उच्चाधिकारियों का इस आवास पारा की ओर नजर न पड़ना अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। बहरहाल देखना है कि सर्वव्यापी की इस खबर के बाद जिला प्रशासन इस मोहल्ले की दुर्दशा को दूर करते हैं या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।