सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का तेजी से निराकरण हेतु विशेष प्रयास करने कलेक्टर ने दिए निर्देश।

Share Now

गौरेला पेंड्रा मरवाही/ नूर मोहम्मद /ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी/

कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने सुशासन तिहार के प्रथम चरण में 8 से 11 अप्रैल तक प्राप्त मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आवेदनों का तेजी से निराकरण के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। इसके लिए विकासखण्ड स्तरीय अमले को लगाने, अंतरविभागीय मांगों एवं शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करने तथा समन्वय बनाकर कार्य करने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों का निराकरण जिला स्तर पर नहीं होने की स्थिति में विभागीय सचिव-विभाग प्रमुख से मार्गदर्शन प्राप्त करने, योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने, राजस्व से संबंधित आवेदनों का प्रकरण बनाकर दर्ज करने और मौका निरीक्षण कर निराकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 21 अप्रैल की स्थिति में विभागवार ऑनलाइन संधारित आवेदनों की संख्या 50 हजार 26 है। इनमें से 1877 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की समीक्षा करते हुए लगभग 30 हजार आवास निर्माण के लक्ष्य को 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोजगार सहायक एवं आवास मित्रों के सहयोग से अप्रारंभ आवासों को प्रारंभ कराने घर-घर जाकर हितग्राहियों को प्रेरित करने कहा। इसके साथ ही सभी पंचायतों में आवास मित्र की नियुक्ति एवं समय पर उनका मानदेय भुगतान करने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए। उन्होंने गौरेला विकासखण्ड में पीएम जनमन योजना के तहत आवास, सड़क संपर्क, नल जल, वन धन केन्द्र, कौशल विकास केन्द्र, नेट कनेक्टिविटी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्वीकृत कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने कहा। टीएल बैठक में कलेक्टर ने जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने मजदूरी भुगतान, विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने, स्पोर्ट्स काम्पलेक्स एवं एफएसटीपी के लिए भूमि चयन, आयुष्मान कार्ड, पीडीएस स्टॉक सत्यापन, शिशु स्वागत पालना केन्द्र, पोषण आहार, नल-जल आपूर्ति, सिंचाई सुविधा, सड़क मरम्मत सहित विभिन्न प्रकरणों को त्वरित रूप से निराकृत करने संबंधित विभागों को निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्राकर, एसडीएम मरवाही प्रफुल्ल रजक, डिप्टी कलेक्टर अमित बेक सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुभाग एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!