कलेक्टर लंगेह ने समय-सीमा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश… सुशासन तिहार, अटल पोर्टल, और शासकीय योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा… पढ़े पूरी खबर।

Share Now

सरायपाली /विकास नंद/सर्वव्यापी/

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार शाम 5ः30 बजे से देर शाम तक जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों की प्रगति तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैकरा, डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर, आशीष कर्मा एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के दौरान “सुशासन तिहार“ की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर लंगेह ने निर्देशित किया कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण 31 मई 2025 तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाल ही में महासमुंद प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन हेतु सभी अधिकारियों को त्वरित एवं सक्रिय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर लंगेह ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल पर आदिवासी विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत, पीएचई, पीएम श्री स्कूल, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न विभागों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने औसत या निम्न स्थिति वाले विभागों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पोर्टल पर दर्ज आंकड़े ही प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और कार्यकुशलता का आधार हैं, इसलिए किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सीईओ और सीएमओ को सख्त निर्देश दिए है कि लाभार्थियों से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय स्तर पर नियमित निरीक्षण करें, कार्यों की प्रगति की मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता न हो। उन्होंने महतारी वंदन योजना समेत हितग्राहीमूलक योजनाओं में ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली और शेष बचे हुए सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर लंगेह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि शालाओं और शिक्षकों की युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पारदर्शिता और शासन नियमों के अनुसार समय-सीमा में पूरी की जाए। स्कूलों का युक्तियुक्तकरण 25 मई तक और शिक्षकों का 10 जून तक पूर्ण किया जाएगा। इस कार्य को प्राथमिकता देकर स्कूली शिक्षा में संतुलन और गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम श्री स्कूलों में अप्रारंभ कार्य प्रारंभ करें। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का तेजी से गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए है। इसके अलावा उन्होंने राजस्व संबंधी सेवा को बेहतर करने के लिए राजस्व अधिकारियों को फील्ड में जाकर विजिट करने के दिए निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि लोकसेवा गारंटी के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करे।कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि “हर घर जल“ योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें पूर्ण सजगता और गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग से जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वे मिशन मोड में कार्य करते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं। साथ ही, सरकारी अस्पतालों में जांच के दौरान आयुष्मान योजना का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करें। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!