प्रचार रथ के माध्यम से धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान को मिल रही गति… जनजातीय बहुल ग्रामों में शासन की योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की अभिनव पहल।

Share Now

विकास नंद /सर्वव्यापी/

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप ‘‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में अभियान की जानकारी को ग्राम स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से विशेष प्रचार रथ का संचालन किया जा रहा है। यह प्रचार रथ चयनित जनजातीय बहुल ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणजन को अभियान की प्रमुख गतिविधियों एवं योजनाओं से होने वाले लाभों की जानकारी सरल एवं जनसामान्य की भाषा में प्रदान कर रहा है।

प्रचार रथ के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें इनसे अधिकतम लाभान्वित करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।प्रचार रथ के माध्यम से ग्रामीणजन को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसी के साथ, कुपोषण उन्मूलन, संतुलित आहार के महत्व तथा महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विशेष पोषण योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा, शाला प्रवेश अभियान, छात्रवृत्ति योजनाएं तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु क्रियान्वित प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी प्रचार रथ के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुँचाई जा रही है।

इसी तरह, प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं एवं आयुष्मान भारत योजना से संबंधित लाभ और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।कृषि के क्षेत्र में उर्वरक, बीज, नवीन तकनीकों की जानकारी के साथ-साथ समर्थन मूल्य नीति की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं जल स्रोतों के संरक्षण संबंधी जानकारियाँ भी आमजन तक पहुँचाई जा रही हैं। इसी के साथ, युवाओं एवं महिलाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार प्रशिक्षण तथा प्रशिक्षण केंद्रों की उपलब्धता से संबंधित जानकारी प्रचार रथ द्वारा दी जा रही है।

इसके अलावा, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मंडलों एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी भी साझा की जा रही है। इसी प्रकार, बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान के लाभ तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से संबंधित जानकारियाँ भी सरल भाषा में प्रचार रथ के माध्यम से ग्रामीणजनों को प्रदान की जा रही हैं। यह समस्त जानकारी ऑडियो संदेशों, पोस्टरों एवं सरल भाषा में प्रस्तुत की जा रही है, ताकि हर वर्ग के नागरिक उसे आसानी से समझ सकें। इस अभिनव पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं की पहुँच बढ़ रही है। प्रचार रथ ग्राम स्तर पर पहुँचकर धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान को गति देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!