ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 21 जून को मनाया जाएगा ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस… मुख्य अतिथि होंगे राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम पुरातत्व एवं ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 21 जून को सुबह 5ः30 बजे से प्रारंभ होगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘‘योग संगम’’ एवं ‘‘हरित योग’’ तय की गई है। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा होंगे। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, कलेक्टर, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन व दिव्यांगजन, उभयलिंगी व्यक्ति एवं आमजन बड़ी संख्या में सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लेंगे।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपा गया है। जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक कार्यक्रम के नोडल अधिकारी होंगे तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महासमुंद हरिशंकर पैकरा को सहायक नोडल अधिकारी का कार्य दायित्व सौंपा गया है।

कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करने निर्देश दिए हैं। साथ ही समस्त जिला अधिकारियों को अपने विभागीय अमले सहित कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा है। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में होने वाले योग कार्यक्रमों के सुचारू क्रियान्वयन हेतु जनपद पंचायतों के सीईओ व नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक संगीता सिंह ने बताया कि योग दिवस में व्यक्तिगत या संस्थागत रूप से भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आयुष विभाग के पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है।

साथ ही प्रतिभागियों को योगाभ्यास से संबंधित फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सिरपुर में योग दिवस का आयोजन जिले में स्वास्थ्य, एकता और जागरूकता का संदेश देगा। इस आयोजन के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे निरोग और स्वस्थ समाज का निर्माण सुनिश्चित हो सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में मुख्य समारोह लक्ष्मण मंदिर सिरपुर में प्रातः 05ः30 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का सीधा प्रसारण होगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में प्रातः 5ः30 बजे सभी प्रतिभागियों का आगमन एवं प्रातः 6ः00 बजे गणमान्य अतिथियों का आगमन होगा। प्रातः 6ः10 बजे से 6ः30 बजे तक योग प्रदर्शन व मुख्य अतिथि का भाषण होगा तथा प्रातः 6ः30 बजे से 7ः00 बजे तक योग संबंधी गतिविधियों का सीधा प्रसारण किया जाएगा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!