विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सुदूर अंचल के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण… गुणवत्ता सुधार व शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा, विद्यार्थियों से की बातचीत।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

सरायपाली, 10 जुलाई विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मांझी ने विकासखंड के सुदूर अंचलों में स्थित शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे शासकीय प्राथमिक शाला समदरहा, सहाजपानी, सरगुनाभाठा, गौरबहाली तथा उच्च प्राथमिक शाला पतेरापाली पहुंचे।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षा सत्र के सुचारू संचालन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थी विकास सूचकांक, इकाईवार पाठ्यक्रम पंजी एवं शिक्षक डायरी के समुचित संधारण की जांच करते हुए शिक्षकों को उपयोगी सुझाव एवं टिप्स प्रदान किए।उल्लेखनीय है कि सहाजपानी, गौरबहाली तथा सरगुनाभाठा में दोनों शिक्षक उपस्थित पाए गए, जबकि समदरहा में एक शिक्षक उपस्थित एवं एक अवकाश पर थे। वहीं, पतेरापाली में एक शिक्षक विद्यालय में मौजूद थे, जबकि दूसरा शिक्षक डाइट प्रशिक्षण में भाग ले रहा था।समदरहा स्कूल के शौचालय की साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ कैरम खेलकर उनका मनोबल भी बढ़ाया और विद्यालयी वातावरण को आत्मीयता से परखा। मांझी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकास की नींव है, और इसके लिए शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उनका यह दौरा क्षेत्रीय विद्यालयों के लिए प्रेरणास्पद एवं उत्साहवर्धक रहा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!