विकास नंद/ सर्वव्यापी/
नेशनल लोक अदालत का आयोजन आगामी शनिवार 13 सितंबर 2025 को पूरे जिले में जिला एवं समस्त तालुका न्यायालयों में किया जाएगा। यह आयोजन माननीय उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार किया जा रहा है।जनहित में लंबित प्रकरणों के शीघ्र और सौहार्द्रपूर्ण समाधान हेतु आयोजित इस लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज जिला न्यायालय महासमुंद के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की अध्यक्ष अनिता डहरिया ने की।इस बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की सचिव कु. आफरीन बानो, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संघ पुष्पा भतपहरी, तथा द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) मोनिका जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।बैठक में प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत प्रस्तुत किए जाने वाले प्रकरणों की समीक्षा की गई और पूर्व में प्रस्तुत प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही यह निर्देश दिए गए कि आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को सम्मिलित किया जाए, ताकि आपसी सुलह और सहमति के माध्यम से उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए लोक अदालत को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने की अपील की गई।