विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2025 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा एवं विश्व जनसंख्या दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के महत्व को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जानकारी देते हुए बताया कि पखवाड़ा अवधि में पुरुष नसबंदी और महिला नसबंदी जैसी स्थायी संसाधन सेवाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में उपलब्ध रहेंगी।वहीं, अस्थायी संसाधनों में कंडोम, आईयूसीडी/पीपीआईयूसीडी, इंजेक्शन डम्पा/अंतरा, छाया, माला एन गोली, इमरजेंसी कॉन्ट्रासेप्शन एवं कॉपर-टी जैसे विकल्प जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध होंगे।डॉ. राव ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह, एवं सास-बहू सम्मेलन जैसे सामुदायिक मंचों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। डिजिटल प्लेटफार्म और मीडिया चैनलों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।जागरूकता के लिए सभी विकासखंडों में मितानिनों के माध्यम से गांव-गांव तक परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दी जाएगी।अंत में डॉ. राव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पखवाड़ा में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी आवश्यकता एवं सुविधा अनुसार परिवार नियोजन के उपाय अपनाएं और जनसंख्या नियंत्रण में सहयोग दें।