विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ को खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। महासमुंद जिले के पिथौरा निवासी युवा पावरलिफ्टर प्रेम राजन रौतिया ने नेपाल के पोखरा में आयोजित एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-30 कैटेगरी में 735 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि के उपरांत प्रेम राजन रौतिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “प्रेम राजन जैसे होनहार युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका यह पराक्रम छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है।”मुख्यमंत्री ने रौतिया को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे सहित मेहर रविदास समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने प्रेम राजन को बधाई दी और उनके समर्पण व संघर्ष की सराहना की।
प्रेम राजन रौतिया की इस सफलता ने न केवल पिथौरा बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। उनका यह प्रयास छत्तीसगढ़ के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।