विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में आम जनता की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस जन चौपाल में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए 52 आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा।
कलेक्टर लंगेह ने सभी आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ देने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू एवं रविराज ठाकुर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।जन चौपाल के दौरान ग्राम जगदीशपुर, विकासखंड पिथौरा की सारथा नाग द्वारा राशन कार्ड गुम हो जाने की जानकारी दी गई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर लंगेह ने मौके पर ही उन्हें प्राथमिकता राशन कार्ड प्रदान किया।इसके अतिरिक्त, ग्राम दुरुगपाली निवासी लाल बिहारी साहू ने शौचालय निर्माण हेतु मृत व्यक्ति के नाम पर निकाले गए पैसे की शिकायत की, ग्राम लभराखुर्द के याशिव कुमार ध्रुव ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र में सुधार के लिए आवेदन दिया। वहीं ग्राम मूढ़ीपार (पिथौरा) के ग्रामीणों ने अपने गांव में अवैध शराब बिक्री रोकने की मांग रखी।भुरकोनी निवासी नारायण साहू ने पेंशन योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जबकि ग्राम मोखापुटका (सरायपाली) निवासी चैतन्य चौधरी ने अवैध रूप से निर्मित डबरी की शिकायत की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, मुआवजा भुगतान, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर लंगेह ने सभी मामलों पर शीघ्र एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थल पर समाधान करना है, जिससे आमजन को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।