विकास नंद/ सर्वव्यापी/
हिन्दुओं की आस्था के प्रतीक एवं प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं के जत्थे को आज हर्षोल्लास के साथ रवाना किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सरला कोसरिया ने हरी झंडी दिखाकर जत्थे को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।इस अवसर पर सरला ने कहा कि अयोध्या धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक भी है। उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम उत्तरप्रदेश राज्य के फैजाबाद जिले में स्थित है और यह सरयू नदी के तट पर बसा हुआ है। इसे सप्तपुरी—भारत के सात पवित्र तीर्थ स्थलों—में से एक माना गया है।
अयोध्या धाम यात्रा को लेकर प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का लाभ मिल सके। सरकार की यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर रही है।श्रद्धालुओं का जत्था जय श्रीराम के नारों और भक्ति गीतों के बीच उत्साहपूर्वक रवाना हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत के अधिकारी कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।