विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सरायपाली विकासखंड में एक और शासकीय शिक्षक पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
शासकीय हाई स्कूल नवागढ़ में पदस्थ एल.बी. व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य रूपानंद पटेल को जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।प्राप्त शिकायतों के अनुसार, पटेल एस.आर. ग्रुप नामक नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़े पाए गए हैं।
आरोप है कि वे न केवल इस कंपनी से जुड़े हुए हैं, बल्कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सक्रिय रूप से प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। चूंकि वे एक शासकीय सेवक हैं, इस प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां सेवा आचरण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन मानी गई हैं।जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें निर्देशित किया है कि वे 15 जुलाई 2025 तक स्वयं उपस्थित होकर अथवा लिखित रूप में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। ऐसा न करने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्वयं शिक्षक की होगी।इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है,
जिसमें संचालक लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर, कलेक्टर महासमुंद, शिक्षा संकुल रायपुर और बीईओ सरायपाली शामिल हैं।
सरायपाली में बढ़ती नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियां बनी चिंता का विषय।
विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सरायपाली विकासखंड में कई शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विशेषकर शिक्षक एवं पंचायत सचिव, नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़े हुए हैं।
यह सिर्फ एक मामला नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर फैली प्रवृत्ति की शुरुआत का संकेत माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में इसे लेकर गहरी चिंता है और संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि शिक्षक रूपानंद पटेल द्वारा दिए जाने वाला जवाब शिक्षा विभाग को संतुष्ट करता है या नहीं, और यदि नहीं, तो उनके खिलाफ किस स्तर की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है।
प्रशासन द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखे जाने की बात कही जा रही है ताकि शासकीय सेवा की गरिमा और नियमों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।