तरुण कौशिक संपादक सर्वव्यापी/
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र के दूर शिक्षा निदेशालय द्वारा संचालित अनुवाद पाठ्यक्रम के संयोजक और हिंदी सेवी डॉ. अनवर अहमद सिद्दीक़ी प्रवासी साहित्य और अनुवाद विषय पर भारतीय-नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, नार्वे (ओस्लो) में शनिवार दिनांक 19 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे को ऑनलाइन व्याख्यान देंगे। वर्धा के भारतीय-नॉर्वेजियन सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, नॉर्वे (ओस्लो) एक ऐसा मंच है, जो भारत और ओस्लो (नॉर्वे) के मध्य सूचना और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा और प्रोत्साहन देता है। यह फोरम दोनों देशों के मध्य संबंधों को मज़बूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. अनवर सिद्दीक़ी अमरीका के न्यूयॉर्क में आयोजित आठवें विश्व हिंदी सम्मेलन, थाईलैंड के बैंकॉक में अंतरराष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन, पाकिस्तान के लाहौर में भाषा, साहित्य, संस्कृति पर आधारित प्रथम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और न्यूज़ीलैंड के वेलिंगटन में हिंदी भाषा का विकास और अनुवाद आदि संगोष्ठियों और सम्मेलनों में सहभागी होकर व्याख्यान और आलेख प्रस्तुत कर चुके हैं। डॉ. सिद्दीक़ी के इस ऑनलाइन व्याख्यान को विदेशों में स्थित भारतवंशियों, हिंदी अध्येताओं और प्रशिक्षणार्थियों से अधिकाधिक संख्या में सुनने की अपील अध्यक्ष सुरेश चन्द्र शुक्ला ‘शरद आलोक’, भारतीय-नार्वेजीय सूचना एवं सांस्कृतिक फोरम, नार्वे (ओस्लो) ने एक पत्रक द्वारा जारी की है।