कलेक्टर विनय लंगेह ने किया सरायपाली विकासखण्ड का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

सरायपाली विकासखंड में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर विनय लंगेह ने शुक्रवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने अर्जुंडा स्थित एफसीआई गोदाम से की, जहां पर धान भंडारण की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई।अर्जुंडा एफसीआई गोदाम का निरीक्षण कलेक्टर ने सबसे पहले अर्जुंडा स्थित एफसीआई के धान भंडारण केंद्र का दौरा किया। उन्होंने गोदाम में रखे धान को वर्षा से सुरक्षित रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए तिरपाल, ड्रेनेज व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय पूरी तरह से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की क्षति से बचा जा सके।

छुईपाली बालिका छात्रावास में पहुंचकर छात्राओं से की बातचीत

अर्जुंडा के बाद कलेक्टर लंगेह छुईपाली पहुंचे, जहां उन्होंने बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से मुलाकात कर शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं जैसे—पोषण, शिक्षण सामग्री, स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षा आदि के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से संवाद के दौरान उन्होंने सुझाव भी मांगे और छात्रावास अधीक्षिका को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

ग्राम सिघोड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा

छात्रावास निरीक्षण के बाद कलेक्टर ग्राम सिघोड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित सहायिका और कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, टीकाकरण, पोषण आहार की उपलब्धता और स्वच्छता आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

सिघोड़ा स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से की चर्चा

इसके उपरांत कलेक्टर ने सिघोड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने मरीजों से बात कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। दवाइयों के स्टॉक, डॉक्टरों की उपस्थिति, मौसमी बीमारियों के इलाज की तैयारी समेत अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने उपस्थित डॉक्टरों से मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सतर्कता बरतने एवं सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसेवा के लिए तत्पर प्रशासन निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि विकासखंड के ग्रामीण अंचलों में शासन की योजनाएं समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ पहुंचें, यह सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

इस निरीक्षण दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय जन समुदाय भी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!